भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दुगरी में विश्व संस्कृत दिवस 8 अगस्त को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक श्री करण शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृत विश्व की प्राचीनतम भाषाओं में से एक है तथा यह एक इंडो-आर्यन भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्राचीन भाषा की विशेषताओं और सांस्कृतिक महत्व से भी परिचित कराया।
इस अवसर पर कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों ने गायत्री मंत्र का मधुर उच्चारण किया, जबकि कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने महामृत्युंजय मंत्र का उच्चारण किया। विद्यार्थियों द्वारा संस्कृत भाषा में एक सुंदर नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य संस्कृत भाषा के पुनरुत्थान, संरक्षण और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना था।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा मदान जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत भाषा हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न अंग है। हिंदू संस्कृति में मंत्रों के माध्यम से संस्कृत का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्राचीन भाषा के महत्व को समझने, इसे सीखने और इसकी गौरवशाली विरासत को संजोने के लिए प्रेरित किया।