जन-जन की भाषा हिंदी,
भारत का गौरव गान है।
हिंद देश हिंदुस्तान हमारा,
हिंदी हमारी पहचान है।
भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दुगरी में आज राष्ट्रीय हिंदी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। 14 सितंबर, 1949 को हिंदी भाषा को संवैधानिक रूप से राजभाषा का दर्जा प्राप्त हुआ था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर अध्यापिका श्रीमती सुनीता दहूजा ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कक्षा चौथी की छात्रा अनन्या ने हिंदी दिवस पर एक बहुत ही सुंदर कविता प्रस्तुत की।
इस उपलक्ष्य में विद्यालय की सभी कक्षाओं में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए श्रुतलेख, सुलेख लेखन, शब्द सीढ़ी और शब्द अंत्याक्षरी जैसी रोचक गतिविधियाँ करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने और अपनी भाषाई दक्षता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रधानाचार्य श्रीमती मनीषा मदान जी ने सभी को राष्ट्रीय हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए तथा इसकी समृद्धि, प्रचार-प्रसार और विकास के लिए सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए।