हिंदी दिवस पर हमने ठाना है,
लोगों में हिंदी का स्वाभिमान जगाना है।
हम सबका अभिमान है हिंदी,
भारत देश की शान है हिंदी।
भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दुगरी शाखा में हिंदी दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती पूनम मेहरा जी ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कक्षा पहली के छात्र लक्ष्य और छात्रा कृष्णा ने हिंदी दिवस पर कविता प्रस्तुत की। कक्षा नौवीं के एक छात्र ने भी कविता के माध्यम से हिंदी दिवस और हिंदी भाषा की महिमा का वर्णन किया। कक्षा छठी, सातवीं और नौवीं के विद्यार्थियों ने विज्ञापन प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए सुलेख लेखन और शब्द अंताक्षरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्लोगन लेखन के माध्यम से हिंदी को भारतीय संस्कृति की पहचान बताया और हिंदी भाषा के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा मदान जी ने सभी विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिंदी भाषा की गरिमा और गौरव को सदैव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।